मोहाली/सुनाम: सुनाम के गांव शेरों में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दौरे के दौरान पंजाब पुलिस द्वारा एक सिख युवक को कथित तौर पर प्रताड़ित करने और उसके ककारों की बेअदबी करने का मामला सामने आया है।
गौरतलब है कि गांव शेरों के रहने वाले सिख युवक स. मोहनजीत सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के दौरे के दौरान अपने घर की छत से विरोध जताते हुए उन्हें काला झंडा दिखाया था। आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और उसके साथ कथित तौर पर प्रताड़ना की गई।

इस मामले में यह भी आरोप लगाए गए हैं कि स्थानीय डीएसपी ने युवक को गैर-कानूनी ढंग से प्रताड़ित किया और उसके ककारों की बेअदबी की। इस घटना को लेकर विभिन्न सिख संस्थाओं ने सरकार की कड़ी निंदा की है और दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
मानवाधिकार संगठन ने की निष्पक्ष जांच की मांग पंजाब मानवाधिकार संगठन ने इस मामले की निंदा करते हुए कहा है कि किसी भी लोकतांत्रिक समाज में सरकार से असहमति जताना, सवाल पूछना या शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना नागरिकों का मौलिक अधिकार है। यदि किसी नागरिक द्वारा कानून का उल्लंघन किया जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन पुलिस हिरासत में मारपीट, प्रताड़ना या अपमानजनक व्यवहार को किसी भी स्थिति में जायज नहीं ठहराया जा सकता। मोहनजीत सिंह ने पुलिस हिरासत के दौरान मारपीट और गंभीर प्रताड़ना के जो आरोप लगाए हैं, वे बेहद गंभीर हैं और इन्हें केवल राजनीतिक विवाद मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
संगठन ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच करवाई जाए। युवक का स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से विस्तृत मेडिकल करवाया जाए और हिरासत से जुड़े सभी रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य सबूत सुरक्षित किए जाएं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषी अधिकारियों के खिलाफ बिना किसी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

काला झंडा दिखाना लोकतांत्रिक अधिकार: ज्ञानी कुलदीप सिंह ज्ञानी कुलदीप सिंह गढ़गज ने कहा कि शेरों गांव के सिख युवक मोहनजीत सिंह ने मुख्यमंत्री को शांतिपूर्ण तरीके से पड़ोसी की छत से काला झंडा दिखाया, जो उसका लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय डीएसपी हरविंदर सिंह खैरा युवक के गले में झंडा डालकर उसे घसीटते हुए ले गए और बाद में गैर-कानूनी ढंग से प्रताड़ित किया। उन्होंने संगरूर जिले के एसएसपी से मांग की है कि प्रताड़ना और ककारों की बेअदबी करने वाले दोषी डीएसपी और थाना प्रभारी को तुरंत बर्खास्त कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

लोकतंत्र और कानून के राज पर गंभीर सवाल मिसल सतलुज पार्टी के अध्यक्ष सरदार अजेपाल सिंह बराड़ ने कहा, “यदि एक नागरिक द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से काला झंडा दिखाने का जवाब पुलिस प्रताड़ना से दिया जाता है, तो यह केवल एक व्यक्ति के अधिकारों पर हमला नहीं है, बल्कि पंजाब में लोकतंत्र और कानून के राज पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।” उन्होंने संगरूर के पुलिस प्रमुख से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सरकार को चेतावनी दी कि, “पंजाब में कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए। पुलिस का काम लोगों की रक्षा करना है, उनके अधिकारों को कुचलना नहीं। इस मामले को दबाने या दोषी अधिकारियों को बचाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
